गाजीपुर में विवाह से पूर्व रेप के आरोप में दूल्हे राजा गिरफ्तार, शादी से पहले भेजा जेल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब बरात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचे दूल्हे को विवाह की रस्में शुरू होने से पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपित विपिन कुमार को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को नोनहरा निवासी विपिन बरात लेकर मरदह पहुंचा था। इसी दौरान उसकी तलाश में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित बरात में है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। खुशियों का माहौल अचानक मायूसी में बदल गया और बिना विवाह संपन्न हुए बरात को लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, घोषित था एक लाख का इनाम
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बराती भोजन और जलपान किए बिना ही लौट गए। थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि विपिन के खिलाफ एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज था, जिसमें उसकी तलाश चल रही थी।
