'भारत के मुसलमानों के हालात पाकिस्तान से बहुत बेहतर हैं'- सपा सांसद अफजाल अंसारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर बयान दिया है। उन्होंने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए और जांच पर सवाल उठाए।
अंसारी ने कहा कि जब अखिलेश यादव ने पहली बार इस चोरी का जिक्र किया था। उस समय कई लोगों को यह बात बुरी लगी थी। उन्होंने दावा किया कि चढ़ावे में भयंकर चोरी हुई है। अब धीरे-धीरे इसका भांडा फूट रहा है। उन्होंने चोरों की तुलना महमूद गजनवी से करते हुए कहा कि भगवान राम के मंदिर में चढ़ावा लूटने वाले महमूद गजनवी के वंशज लग रहे हैं।
अंसारी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया है। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए अफजाल ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। कांग्रेस की ओर से सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात अगर सामने आ रही है तो इसमें आश्चर्य जैसा कुछ भी नहीं है। यह एक अच्छी बात है। अफजाल ने साफ किया कि गठबंधन केवल चुनाव से पहले ही तय हो यह जरूरी नहीं है। चुनाव के बाद भी गठबंधन का विकल्प खुला है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी भी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री चेहरा पहले से ही समाजवादी पार्टी का तय है। कांग्रेस भी आगे सीएम कैंडिडेट को तय करेगी।
अफजाल अंसारी ने दावा किया कि कांग्रेस 150 सीटें भी जीत जाती है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए उसे सहयोग की आवश्यकता होगी। ऐसे में सपा चुनाव के बाद गठबंधन के माध्यम से उसका समर्थन कर सकती है।
इसके अलावा अफजाल अंसारी ने वाराणसी में मस्जिद तोड़ने पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। अंसारी ने जरदारी को सलाह दी कि वे अपने घर का मसला सुलझा लें। हिंदुस्तान के आंतरिक मामलों में दखल न दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के मुसलमानों के हालात पाकिस्तान से बहुत बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में संविधान, लोकतंत्र और न्यायपालिका है। हम अपनी समस्याओं का समाधान संविधान के हिसाब से कर लेंगे।
अंसारी ने पाकिस्तान से भारत के आंतरिक मामलों में न बोलने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत का मुसलमान अपने धर्म और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कानून के सहारे कर लेगा। अफजाल अंसारी 2024 के लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के सिंबल पर गाजीपुर संसदीय सीट से सांसद निर्वाचित हुए थे।
