Today Breaking News

गाजीपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, 10-12 लड़कों ने घेरकर मारा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 10-12 हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी। युवक अपने पिता के लिए खाना लेकर खेत जा रहा था। यहां हमलावर पहले से बैठे थे। हमलावरों को जब लगा कि युवक की मौत हो गई है तो बाइक उठाकर मौके से फरार हो गए।
डेढ़ साल पहले डांस देखने को लेकर युवक का गांव के लड़कों से झगड़ा हुआ था। उसके बाद से ही लड़के रंजिश मान रहे थे और एक बार पहले भी हमला कर चुके थे। हत्या की सूचना पर एसपी-सीओ पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई है। मामला भांवरकोल थाना क्षेत्र का है।

वीरपुर गांव के रहने वाले श्रीकांत यादव खेती-किसानी और पशुपालन का काम करते हैं। घर में पत्नी मीरा देवी, बड़ा बेटा अजय यादव (20), छोटा बेटा नीतीश यादव और बेटी बबली हैं। छोटा बेटा बाहर रहकर प्राइ‌वेट नौकरी करता है, जबकि अजय घर पर रहकर ही पिता के काम में हाथ बंटाता था।

आज सुबह करीब 9 बजे श्रीकांत खेती के काम के लिए डेरे पर गए हुए थे। उनके लिए खाना लेकर अजय साइकिल से डेरे पर जा रहा था। रास्ते में नहर के पास पहले से बैठे 10-12 लड़कों ने उसे रोका और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। डंडों से बेरहमी से पीटने के बाद हमलावरों ने चाकू निकाला और अजय पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अजय लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। आरोपियों को जब भरोसा हो गया कि अजय मर गया है तो बाइक उठाकर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर खेतों पर काम कर रहे लोग और अजय के परिजन भागकर मौके पर पहुंचे और तुरंत अस्पताल लेकर भागे।

वीरपुर PHC से युवक को CHC मुहम्मदाबाद रेफर किया गया। CHC से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की सूचना पर SP ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर और CO सुधाकर पांडेय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

करीब 1 साल पहले गांव में एक बारात आई थी। रात में बारात के लिए डांस की व्यवस्था की गई थी। यहां अजय भी गया था और गांव के कई लड़के पहुंचे थे। डांस देखने के लिए आगे बैठने को लेकर अजय और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों में हाथापाई भी हो गई थी।

उस समय वहां मौजूद लोगों ने दोनों को शांत करा दिया और अजय अपने घर चला गया, लेकिन लड़के रंजिश मान रहे थे। इसके बाद अक्टूबर 2025 में भी अजय जब मवेशियों के लिए जूठन लेकर डेरा जा रहा था तब कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था।

एडिशनल एसपी अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है और उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।