Today Breaking News

गाजीपुर में नीलगाय बचाने के प्रयास में बाइक सवार की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी 26 वर्षीय गुलशेर अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा बिहार के रामपुर के समीप उस समय हुआ जब वह एक नीलगाय को बचाने के प्रयास में अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठे। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गुलशेर अहमद बिहार के राजपुर क्षेत्र में स्टील का काम करते थे। वह अपना काम समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में गुलशेर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गुलशेर को तत्काल उपचार के लिए बक्सर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बक्सर पहुंचे। उन्होंने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को पैतृक गांव पचोखर लेकर आए।

जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। बाद में नम आंखों से मृतक को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और संवेदना का माहौल बना हुआ है।