Today Breaking News

गाजीपुर में महिला और बच्चों को गेटमैन ने घर से निकाला, पुलिस ने कराया समझौता

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर में एक दलित महिला और उसके चार बच्चों को रेलवे ट्रैक के किनारे बच्चे के शौच करने के आरोप में कथित तौर पर गेटमैन द्वारा मारपीट कर घर से बेदखल करने का मामला सामने आया है। महिला अपने बच्चों और गृहस्थी के सामान के साथ पिछले दो दिनों से सैदपुर कोतवाली के बाहर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थी।
पीड़ित महिला मंजू देवी ने बताया कि बुधवार शाम उनका 7 वर्षीय बेटा सोनू हसनपुर डगरा गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शौच कर रहा था। तभी पास के गेटमैन ने उसे दौड़ाया, जिससे वह गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया। मंजू देवी उसे उठाकर घर ले आईं।

महिला का आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में गेटमैन से पूछा, तो उसने गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट की। इसके बाद, गेटमैन ने मकान मालिक पर दबाव बनाया, जिसके चलते मंजू देवी और उनके बच्चों को तत्काल किराए के मकान से बाहर निकाल दिया गया।

इसके बाद मंजू देवी अपने चार छोटे बच्चों और गृहस्थी का सारा सामान लेकर सैदपुर कोतवाली पहुंचीं और पुलिस से मौखिक शिकायत की। वह अपने बच्चों के साथ पिछले दो दिनों से थाने के गेट पर ही रह रही थीं और रात भी खुले में बिताने को मजबूर थीं।

मंजू देवी ने बताया कि उनका ससुराल वाराणसी जनपद के आंधरापुल के पास है और उनके पति चांदराम ड्राइवरी करते हैं। पुलिस ने सभी पक्षों को थाने बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली।

मामले में सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि महिला की मौखिक शिकायत पर दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया गया। दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला अब वहां नहीं रहना चाहती है और अपना सामान लेकर अपने ससुराल वाराणसी जा रही है।