Today Breaking News

गाजीपुर में गर्भवती विवाहिता से मारपीट, बुलेट और 1 लाख की मांग का आरोप; FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देऊपुर गांव निवासी विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 9 दिसंबर 2024 को हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, देवर, सास, ससुर, ननद और एक अन्य रिश्तेदार दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपए नकद लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी।

पीड़िता का आरोप है कि जब वह दो माह की गर्भवती थीं, तब ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया।

विवाहिता का यह भी आरोप है कि ससुराल छोड़ते समय उन्हें धमकी दी गई कि दहेज की मांग पूरी किए बिना वापस आने पर जान से मार दिया जाएगा।

मरदह पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक रविन्शु पांडेय को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।