Today Breaking News

गाजीपुर में NEET अभ्यर्थी की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत, शौचालय में मिला अचेत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर स्थित शिवपुरी मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय नीट अभ्यर्थी आर्यन गुप्ता का गुरुवार सुबह संदिग्ध हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह चिकित्सक डॉ. प्रदीप गुप्ता के पुत्र थे और डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करने का सपना देख रहे थे।
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे घर के काम में हाथ बंटाने के बाद उन्हें अचानक पैर में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। इसके बाद वह शौचालय गए, जहां कुछ ही देर में उनकी तबीयत गंभीर हो गई और उनका निधन हो गया।

आर्यन ने हाल ही में नीट परीक्षा दी थी और परिजनों के मुताबिक उनका प्रदर्शन भी अच्छा रहा था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे।

घटना से कुछ समय पहले ही वह अपने बड़े भाई को ट्रेन में बैठाकर घर लौटे थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुत्र की मौत से मां बेसुध हो गईं। वह बार-बार यही कहती रहीं कि, "अब डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा कौन करेगा?" यह मार्मिक दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच गए।
घटना के बाद मेडिकल एसोसिएशन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शाम 6 बजे तक मेडिकल प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया।