गाजीपुर में शादी का झांसा देकर युवक ने बनाए शारीरिक संबंध, गर्भवती होने पर फरार, केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। शादी के करीब एक वर्ष बाद पति से मनमुटाव शुरू हो गया। इसी दौरान गांव का एक युवक उससे संपर्क में आया और पति को छोड़कर उससे शादी करने का भरोसा दिया।
महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने करीब छह माह तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह दो माह की गर्भवती हुई और इसकी जानकारी युवक को दी, तो उसने शादी से इनकार कर दिया और घर छोड़कर फरार हो गया। आरोप है कि उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।
महिला का कहना है कि उसने 21 जून 2026 को दुल्लहपुर थाने में शिकायत देकर आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी की गिरफ्तारी और मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर तलाश करने की मांग की। प्रार्थना पत्र में कार्रवाई न होने पर थाने में आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुल्लहपुर थाने में बीएनएस की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
