सीएम योगी 30 जुलाई को आएंगे गाजीपुर! डीएम-एसपी ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था देखी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित गाजीपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मोहम्मदाबाद के यूसुफपुर स्थित कृषि मंडी समिति का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, मंच, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। यह निरीक्षण मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का हिस्सा था। जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई को यूसुफपुर कृषि मंडी समिति परिसर में मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
निरीक्षण के दौरान, डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिले का प्रशासनिक अमला पूरी सतर्कता के साथ तैयारियों में जुटा है। विभिन्न विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
