गाजीपुर में दो मंदिरों से हजारों की चोरी, दान पेटियां तोड़ीं, ग्रामीणों में आक्रोश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई क्षेत्र में दो दिनों के भीतर दो मंदिरों को निशाना बनाकर चोरों ने दान पेटियां तोड़ दीं और उनमें रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। लगातार हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश है। वहीं, पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात चोरों ने सेवराई गांव स्थित वीर ब्रह्मा मंदिर में सेंध लगाई। उन्होंने मंदिर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए।
पुलिस इस घटना की जांच में जुटी ही थी कि शनिवार रात चोरों ने सतरामगंज बाजार स्थित राम-जानकी शिव मंदिर को भी निशाना बना लिया। बेखौफ चोर मंदिर परिसर में घुसे और हैंडपंप का हैंडल तोड़कर उसकी मदद से मंदिर के मुख्य गेट, दो दान पेटियों और स्टोर रूम सहित कुल पांच तालों को तोड़ दिया। इसके बाद दान पेटियों में जमा हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
राम-जानकी शिव मंदिर के प्रबंधक नरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद मंदिर परिसर में गांजे की चिलम और उससे संबंधित अन्य सामान मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मंदिर परिसर में बैठकर गांजा पिया था।
लगातार दो दिनों में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो चोरों के हौसले और बढ़ेंगे तथा वे आम लोगों के घरों को भी निशाना बना सकते हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और मंदिरों सहित सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
