Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर थाना क्षेत्र के बारा गांव में रविवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक छह वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही किशोर को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
बारा गांव के मोहल्ला कल्ली खां का कुआं निवासी अलतमश (6) अपने चाचा बाबर खां के साथ रविवार दोपहर बारा गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अलतमश की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने उसे गंगा से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अलतमश की मौत से परिजनों में गहरा शोक छा गया। वह अपने दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई हमजा इस घटना से गहरे सदमे में है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही अलतमश के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।