Today Breaking News

गाजीपुर में अफजाल अंसारी की हाईकोर्ट के आदेश पर 12 करोड़ की कुर्क संपत्ति मुक्त; बेटी को सौंपी गई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सपा सांसद अफजाल अंसारी को शुक्रवार को उनके 73वें जन्मदिन पर बड़ी राहत मिली। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत साल 2022 में कुर्क की गई उनकी 12 करोड़ संपत्ति को मुक्त कर दिया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के माचा और शकरपुर मौजा स्थित संपत्ति पर प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे हुई।

मोहम्मदाबाद तहसील प्रशासन ने डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर यह कार्रवाई की। तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में माचा और शकरपुर मौजा स्थित संबंधित भूमि को पूर्व की कुर्की कार्रवाई से मुक्त कराया गया है।

अभिलेखीय और स्थलीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद संपत्ति की सुपुर्दगी अफजाल अंसारी की बेटी नूरिया अंसारी को कर दी गई।

यह संपत्ति वर्ष 2022 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क की गई थी। भांवरकोल क्षेत्र में स्थित संपत्ति में करीब 24 बीघे यानी 1.370 हेक्टेयर कृषि भूमि और एक फार्म हाउस शामिल है। उस समय प्रशासन ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई थी।

कागजात के अनुसार, जमीन अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी और उनकी बेटियों नुसरत, मारिया व नूरिया अंसारी के नाम दर्ज थी। कुर्की के बाद से संपत्ति प्रशासनिक नियंत्रण में थी।
अफजाल अंसारी से संबंधित संपत्तियों पर वर्ष 2022 में अलग-अलग चरणों में प्रशासनिक कार्रवाई हुई थी। पूर्व की रिपोर्टों के अनुसार, 24 जुलाई 2022 को माचा, पनेठा, नरसिंहपुर तरई और खरडीहा में करीब 14.90 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं।

इसके बाद 19 अगस्त 2022 को माचा स्थित फार्म हाउस और उससे जुड़ी जमीन पर करीब 12.35 करोड़ रुपये की कार्रवाई हुई थी। शकरपुर मौजा की संपत्ति को लेकर भी बाद में न्यायिक प्रक्रिया चली। इसी क्रम में हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने संबंधित संपत्ति को कुर्की से मुक्त कर दिया।

अफजाल अंसारी का जन्म 14 अगस्त 1953 को गाजीपुर के यूसुफपुर में हुआ था। शुक्रवार को उनका 73वां जन्मदिन है। ऐसे में जन्मदिन के दिन ही हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में पूर्व में कुर्क की गई संपत्ति मुक्त होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।