गाजीपुर के दुर्गेश चौरसिया बने तहसीलदार, घर पहुंचकर लोगों ने दी बधाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद क्षेत्र के सुकहा गांव निवासी दुर्गेश चौरसिया को नायब तहसीलदार से तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पदोन्नति की सूचना मिलते ही उनके गांव और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बधाई देने वालों का उनके निजी आवास पर तांता लग गया।
उनके बड़े भाई बृजेश चौरसिया ने बताया कि दुर्गेश चौरसिया का चयन यूपीपीसीएस वर्ष 2019 बैच में हुआ था। उन्होंने 4 अक्टूबर 2021 को गोरखपुर जनपद में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। वर्तमान में वह खजनी-सहजनवा तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में जारी हुई पदोन्नति सूची में उनका नाम तहसीलदार पद के लिए शामिल किया गया है।
पदोन्नति की खबर से गांव और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर देवेंद्र प्रसाद सिंह, अभिषेक सिंह, रविंद्र सिंह, मनोज चौरसिया, शिवजी गुप्ता, संतोष गुप्ता, जमादार सिंह और श्रीकांत सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर उन्हें बधाई दी।
दुर्गेश चौरसिया की प्रारंभिक शिक्षा नेशनल इंटर कॉलेज से हुई थी, जहां उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने भारतीय नौसेना में भी सेवा दी, लेकिन अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनकी कड़ी मेहनत और लगन का ही परिणाम था कि उन्होंने यूपीपीसीएस 2019 में सफलता प्राप्त कर नायब तहसीलदार का पद हासिल किया।
उनके परिवार में बड़े भाई बृजेश चौरसिया नेशनल इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं, जबकि दूसरे भाई राजेश चौरसिया शिक्षक हैं। उनकी पत्नी भी प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। दुर्गेश चौरसिया की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
