Today Breaking News

गाजीपुर में प्रधान पुत्र छह माह के लिए जिला बदर, 7 गंभीर मुकदमे हैं दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां स्थित सुहवल थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने ग्राम प्रधान आशा यादव के 26 वर्षीय पुत्र अभिषेक यादव उर्फ बब्बी को छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया है। यह कार्रवाई पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक यादव के खिलाफ सुहवल थाने में मारपीट, जानलेवा हमला और चोरी जैसे सात गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल था।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस ने अभिषेक यादव के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी थी। उच्चाधिकारियों की संस्तुति के बाद जिलाधिकारी ने अभिषेक यादव को छह माह के लिए गाजीपुर जनपद से जिला बदर करने के आदेश को मंजूरी दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला बदर की अवधि के दौरान अभिषेक यादव को गाजीपुर जनपद की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने या पाए जाने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रधान पुत्र अभिषेक यादव उर्फ बब्बी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है और निर्धारित अवधि में जिले में पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित करने में जुटी है।