Today Breaking News

गाजीपुर में घट रहा गंगा का जलस्तर; DM ने कहा- बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 61.910 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर से 19 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में करीब 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कमी आ रही है। हालांकि प्रशासन बाढ़ की आशंका को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट है।
प्रशासन के मुताबिक पिछले करीब 10 दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़कर 62.4 मीटर तक पहुंच गया था। अब जलस्तर लगातार नीचे आ रहा है। गंगा का खतरा बिंदु 63.105 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर इससे 1.195 मीटर नीचे है।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पशुओं के लिए चारे, ग्रामीणों के लिए दवाइयों, पशुओं के टीकाकरण और भोजन समेत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बाढ़ से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।

डीएम ने बताया कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव की कार्रवाई की जाए।

गाजीपुर में गंगा का पूर्व में उच्चतम जलस्तर 64.690 मीटर दर्ज किया गया था। फिलहाल नदी चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही है और जलस्तर में गिरावट का सिलसिला जारी है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।