Today Breaking News

गाजीपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मनिहारी में छात्राओं के बीच मारपीट, 6 छात्रा घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मनिहारी में छात्राओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में कक्षा 6 की एक छात्रा घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात लगभग 11 बजे हुई। कक्षा 9 की छात्रा स्नेहा का कक्षा 10 की दो सगी बहनों आरुषी और आरोही से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों बहनों ने स्नेहा की छोटी बहन सुनैना (कक्षा 6 की छात्रा) के साथ मारपीट की।

मारपीट में सुनैना को चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद विद्यालय प्रशासन ने घायल छात्रा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मनिहारी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार सुबह छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही रविवार को परिजन विद्यालय पहुंचे और छात्राओं के साथ परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

घटना की जानकारी मिलने पर शादियाबाद पुलिस, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी और खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।