गाजीपुर पीजी कॉलेज में नेवल विंग की NCC चयन प्रक्रिया...ऊंचाई, वजन और दौड़ से परखी शारीरिक दक्षता
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के पीजी कॉलेज परिसर में मंगलवार को एनसीसी नेवल विंग की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक चली चयन प्रक्रिया में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से उनकी क्षमताओं का आकलन किया गया।
चयन प्रक्रिया 7 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, बीएचयू वाराणसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर निखिल वैश की देखरेख में संपन्न हुई। प्रारंभिक चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता की जांच की गई। इसमें ऊंचाई, वजन, छाती का माप और दौड़ समेत विभिन्न परीक्षण किए गए।
शारीरिक परीक्षण के बाद अभ्यर्थियों की योग्यता का मूल्यांकन लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। पीजी कॉलेज के एएनओ एस/लेफ्टिनेंट प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। योग्य कैडेट्स का चयन उनके प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
नेवल एनसीसी में चयनित कैडेट्स को नौसेना से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर रहेगा। कैडेट्स को विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। इससे उनमें सैन्य अनुशासन और देश सेवा की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जल्द जारी की जाएगी। एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें अनुशासन और देश सेवा के लिए तैयार करना है।
