Today Breaking News

गाजीपुर में ब्रेजा से 20 पेटी बीयर बरामद, बिहार के आरा ले जाई जा रही थी खेप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रेवतीपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। उतरौली पुलिया के पास गुजरात नंबर की ब्रेजा कार से करीब 70 हजार रुपये कीमत की 20 पेटी किंगफिशर बीयर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बीयर की खेप बिहार के आरा ले जाने की बात बताई है।
पुलिस टीम उतरौली पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।

संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ दूरी पर पुलिस ने कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बीयर की पेटियां देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए। कार से 20 पेटी किंगफिशर बीयर बरामद हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन सिंह निवासी खेताबपुर, थाना शादियाबाद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि बीयर की यह खेप बिहार के आरा क्षेत्र में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बरामद 20 पेटी बीयर, गुजरात नंबर की ब्रेजा कार और एक वनप्लस मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। बरामद शराब की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि स्वाट टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शराब की खेप पकड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में बसंत यादव, संपूर्णानंद, उपनिरीक्षक दीपक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।