गाजीपुर में 12वीं तक के स्कूल आज बंद; भारी बारिश का अलर्ट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बुधवार को कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है। अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान ने मंगलवार शाम 6 बजे यह जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा बुधवार के लिए जारी भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
चौहान ने आम जनता से भी अपील की है कि बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने लोगों को तेज हवा या बारिश की आशंका होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जारी होने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। विशेष रूप से तेज हवा, बारिश और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
