Today Breaking News

गाजीपुर में दुकानों में सेंधमारी, एक चोर गिरफ्तार; दो साथी फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सादात थाना क्षेत्र के खिदिरगंज बाजार में गुरुवार देर रात चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने निलेश विश्वकर्मा की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। इसी दौरान पुलिस गश्त करते हुए मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर चोर भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया गया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
चोरों ने निलेश विश्वकर्मा की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे एक लैपटॉप, 15 कीपैड मोबाइल, एक एसएमडी मशीन, 10 ईयरबड और 7 हजार रुपये नकद पार कर दिए। चोरी की जानकारी होने पर दुकान मालिक और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद चोर बाजार की दो अन्य दुकानों को भी निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान रात में गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी। पुलिस को देखते ही चोर भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।

पुलिस के समय पर मौके पर पहुंचने से चोर अन्य दुकानों में वारदात को अंजाम नहीं दे सके। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर उसके फरार साथियों और चोरी के सामान के बारे में जानकारी जुटा रही है।

खिदिरगंज बाजार में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत और नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण दुकानदारों को अपनी संपत्ति की सुरक्षा की चिंता बनी रहती है।

सादात थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि एक दुकान में चोरी हुई है, जबकि अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास किया जा रहा था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।