गाजीपुर में पीपा पुल के पीपे बहने से मचा हड़कंप, तेज बहाव के कारण हादसा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील क्षेत्र के रेवतीपुर स्थित रामपुर पीपा पुल के लगभग 40 पीपे गंगा नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी हरकत में आए।
गहमर के स्थानीय लोगों और पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की मदद से बहकर जा रहे पीपों को बारा फिरोजपुर पीपा पुल के समीप रेस्क्यू कर सुरक्षित किनारे लगाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेवतीपुर-रामपुर पीपा पुल के करीब 40 पीपे गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नावों के साथ पीपों को बचाने के लिए तैयार हो गए। भूतपूर्व सैनिक चंदन सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद, बहकर जा रहे सभी 40 पीपों को गहमर के पूर्वी छोर पर पेड़ों और अन्य साधनों की मदद से सुरक्षित बांध दिया गया। उल्लेखनीय है कि बढ़ते जलस्तर और सुरक्षा मानकों के कारण पीपा पुल को आमतौर पर 15 जून तक खोल दिया जाता है। इसके बाद सभी पीपों को नदी किनारे ही बांधकर रखा जाता है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन संतोष कुमार वैष्णवी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कर्मचारियों को मौके पर निर्देशित कर पीपों को रेस्क्यू करवाया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
