Today Breaking News

गाजीपुर में कॉपर तार चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी और तार बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद की गहमर पुलिस ने कॉपर तार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 किलो 750 ग्राम कॉपर तार, 60 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई गहमर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक इंदु कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ बिहार सीमा पर कर्मनाशा पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।

जांच के दौरान, पुलिस भतौरा गांव के सरकारी ट्यूबवेल की मोटर तार और अन्य तारों की चोरी के मामलों की भी पड़ताल कर रही थी। रात लगभग 9:20 बजे, दो बाइक सवार आते दिखाई दिए, जिन्हें टॉर्च की रोशनी में रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 18 किलो 750 ग्राम कॉपर तार और 60 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनीष गुप्ता (21) पुत्र दिनेश गुप्ता निवासी बारा बाजार और सतीश कुमार (19) पुत्र स्व. रामजुगी चौधरी निवासी बनारपुर, नदी के किनारे वाला टोला बताई। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।