गाजीपुर में 900 किलो लोहे की चादरें चोरी, टेम्पो से माल ले गए चोर, CCTV में कैद हुई वारदात
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सिधौना-बिहारीगंज बाईपास मार्ग पर चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। यहां स्थित एक खराद एवं वेल्डिंग की दुकान से चोर करीब 900 किलोग्राम वजन की 15 लोहे की चादरें चोरी कर ले गए। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना 5 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे हुई। सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध पहले करीब एक घंटे तक दुकान के आसपास घूमते और रेकी करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय रिमझिम बारिश हो रही थी। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और दुकान से लोहे की भारी चादरों को एक-एक कर टेम्पो में लाद लिया। फुटेज में आरोपी भारी वजन वाली चादरों को उठाकर वाहन में रखते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
दुकानदार जीउत यादव पुत्र जगन्हू यादव, निवासी ग्राम राजवाड़ी, थाना चौबेपुर (वाराणसी) ने बताया कि उनकी सिधौना-बिहारीगंज बाईपास स्थित खराद एवं वेल्डिंग की दुकान से चोरी हुई है। उन्होंने 6 अगस्त को सिधौना चौकी और खानपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सिधौना चौकी प्रभारी सुधीर राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि चोरी में इस्तेमाल टेम्पो का नंबर और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाए।
घटना के बाद सिधौना-बिहारीगंज बाजार के व्यापारियों में नाराजगी और चिंता है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द घटना का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा। इस घटना ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
