गाजीपुर में यूसुफपुर गल्ला मंडी से व्यापारी का रुपए से भरा बैग चोरी, पुलिस जांच में जुटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद नगर स्थित युसुफपुर बाजार गल्ला मंडी में शुक्रवार को एक व्यापारी के ई-रिक्शा से 50 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। एक किशोर उचक्का बैग लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ढोड़ाडीह गांव निवासी दुकानदार धर्मेंद्र कुमार प्रजापति अपने ई-रिक्शा से किराना और गल्ला का सामान खरीदने युसुफपुर बाजार आए थे। उन्होंने बाजार में कई दुकानों से खरीदारी की थी।
सामान खरीदने के बाद धर्मेंद्र अपना ई-रिक्शा लेकर गल्ला मंडी स्थित राम सिंहासन हीरालाल फार्म के पास पहुंचे। उन्होंने ई-रिक्शा वहीं खड़ा कर दिया और हीरालाल की दुकान में चले गए। दुकान में सूजी की एक बोरी फटी होने की जानकारी देने के लिए वह अंदर गए थे। इस दौरान उन्होंने रुपयों से भरा अपना बैग एक झोले में रखकर ई-रिक्शा में ही छोड़ दिया था।
धर्मेंद्र के दुकान के अंदर जाते ही, पास में घात लगाए बैठे एक किशोर उचक्के ने मौका पाकर झोले में से रुपयों से भरा बैग निकाला और विट्ठल चौराहे की ओर भाग गया।
जब धर्मेंद्र दुकान से वापस आए और झोले से बैग निकालने गए, तो उन्हें वह गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
रुपये गायब होने की सूचना पर डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि यह घटना व्यापारी की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उचक्के की तलाश कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
