गाजीपुर में विवाहिता की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल, पति, सास और ननद पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सैदपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी 25 अप्रैल 2026 को जौनपुर जिले के एक गांव के युवक से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही ससुराल वाले बुलेट बाइक और तीन लाख रुपये नकद दहेज मांगने लगे।
मांग पूरी न होने पर विवाहिता को परेशान किया गया। पीड़िता का आरोप है कि मायके से दहेज की रकम और बाइक न मिलने पर उसके मोबाइल में मौजूद निजी तस्वीरों को पति ने सोशल मीडिया पर डाल दिया।
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो तस्वीरें हटाने के लिए भी उस पर दबाव बनाया गया। उपनिरीक्षक और भितरी चौकी इंचार्ज अनोज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास और ननद के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 और 352, साथ ही दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मामले की जांच अतिरिक्त निरीक्षक रामसाजन यादव को सौंपी गई है। पुलिस इस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
