Today Breaking News

गाजीपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से होमगार्ड की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से होमगार्ड कमला यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह गाजीपुर में अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे।
कमला यादव बद्धूसराय गांव के रहने वाले थे। जंगीपुर थाना के पास उन्होंने अपनी बाइक एक एजेंसी पर खड़ी की। इसके बाद पेशाब करने के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी मऊ की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की खबर मिलते ही जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत पत्र नहीं मिला है। शिकायत पत्र मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।