Today Breaking News

गाजीपुर में बारजा टूटने से दो मंजिल से गिरकर महिला की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे जर्जर मकान का बारजा टूटने से करीब 40 वर्षीय सायरा बानो की मौत हो गई। वह मकान की ऊपरी मंजिल पर कपड़े डालने गई थीं। कपड़े डालने के बाद पुराने बारजे पर स्टूल लेकर बैठीं, तभी अचानक बारजा टूट गया और वह करीब दो मंजिल की ऊंचाई से नीचे जा गिरीं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मछली बाजार स्थित गुदड़ी का है।
जानकारी के अनुसार, सायरा बानो घर की ऊपरी मंजिल पर कपड़े डालने गई थीं। इसके बाद वह स्टूल लेकर जर्जर बारजे पर बैठ गईं। इसी दौरान बारजा अचानक टूट गया और वह नीचे गिर गईं।

बारजा टूटने और महिला के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

सायरा बानो के पति सऊदी अरब में रहते हैं। वह अपने तीन बच्चों—7 वर्षीय बेलाल खान, 6 वर्षीय साइस्ता परवीन और 3 वर्षीय इल्मा परवीन के साथ घर पर रहती थीं। वह गृहिणी थीं। तीनों बच्चे मदरसा दिनिया में पढ़ते हैं।

मां की अचानक मौत से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मोहल्ले के लोग भी घटना से दुखी हैं।

मछली बाजार की गुदड़ी में पुराने और जर्जर मकान के बारजे के टूटने से हुए हादसे ने कमजोर इमारतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने मकानों के जर्जर हिस्सों की समय पर मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।