Today Breaking News

गाजीपुर रोजगार मेले में 36 कंपनियों ने लगाए स्टॉल, 1000 को मिलेगा ऑफर लेटर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय ने एक रोजगार मेला लगाया। यह मेला सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें 36 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। रोजगार की तलाश में कई युवा यहां पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मेले में 4 हजार से ज्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।
युवाओं ने कंपनियों के स्टॉल पर जाकर अपनी पढ़ाई और पसंद के हिसाब से अलग-अलग पदों के लिए अप्लाई किया। कंपनियों ने यहीं पर युवाओं का चुनाव किया।

सीडीओ आलोक कुमार ने बताया कि बुधवार के रोजगार मेले में करीब 1000 युवाओं को ऑफर लेटर देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए आगे भी ऐसे मेले लगेंगे।

सीडीओ के मुताबिक, पूरे जिले में कुल आठ रोजगार मेले लगेंगे। इनसे करीब 2300 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लक्ष्य जल्द पूरा हो जाएगा। आज के मेले में युवाओं की संख्या को देखते हुए विभाग ने रोजगार के मौके बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने को कहा है।