गाज़ीपुर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 2.65 करोड़ का गांजा किया जब्त, तस्कर गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाज़ीपुर जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 251 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 65 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी यह खेप झारखंड के बोकारो से रामनगर पहुंचाने आया था।
मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह करीब 11 बजे रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन में संयुक्त टीम ने कंटेनर को घेरकर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बजरंग कुमार सिंह पुत्र उदय शंकर सिंह के रूप में हुई है। वह झारखंड के बोकारो जिले के पिंडरा जोड़ा थाना क्षेत्र के काशी झरिया का रहने वाला है। उसके कब्जे से गांजे के अलावा एक कंटेनर वाहन, मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और कुछ कागजात भी मिले हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि झारखंड के एक व्यक्ति ने उसे कंटेनर में गांजा रखकर बोकारो से रामनगर ले जाने को कहा था। रामनगर पहुंचने पर एक दूसरा व्यक्ति उससे संपर्क कर गांजे की खेप लेने वाला था। इसके बदले उसे अच्छी रकम देने की बात कही गई थी।
आरोपी के मुताबिक, टेंगरा मोड़ पहुंचने के बाद उसने मोबाइल से संबंधित व्यक्ति से बात की। उसे कोलकाता हाईवे पकड़कर किसी सर्विस लेन में खाली जगह देखकर कंटेनर खड़ा करने को कहा गया था। वह सर्विस लेन में गाड़ी खड़ी कर उस व्यक्ति का इंतजार कर रहा था, तभी एएनटीएफ और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजे की तस्करी से जुड़े कई लोगों के नाम और पते बताए हैं। अब पुलिस इन लोगों की भूमिका और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। टीम का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से गांजे की बड़ी खेप को आगे पहुंचने से रोक लिया गया। आरोपी के खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 586/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। ये रहे टीम में शामिल
कार्रवाई करने वाली एएनटीएफ टीम में थाना प्रभारी सुरेंद्र नाथ सिंह, एसआई शमी असरफ शेख, मुख्य आरक्षी संजय सिंह राजावत, कांस्टेबल जयंत सिंह, देवानंद, शिवांश राय और इंद्रपाल सिंह शामिल रहे। अलीनगर थाने की ओर से एसआई अश्वनी कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामराज और कांस्टेबल अखिलेश सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।
