Today Breaking News

शारदीय नवरात्र शुरू...गाजीपुर में कामाख्या धाम समेत कई मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालु, घरों में भी कलश स्थापना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रविवार को शारदीय नवरात्र शुरू हुए। गहमर के मां कामाख्या धाम, करीमुद्दीनपुर के मां कष्टहरणी भवानी धाम और गाजीपुर शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचे। घरों में कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की गई।
मंदिरों में माता का शृंगार, आरती और पूजन हुआ। भक्तों ने नारियल, चुनरी, फूल-माला चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन धार्मिक गतिविधियों के साथ बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी बढ़ी।गहमर के मां कामाख्या धाम में मंदिर परिसर की साफ-सफाई और सजावट की गई। पुजारियों ने मां को नई चुनरी ओढ़ाकर शृंगार किया। यहां दुर्गा सप्तशती के पाठ सहित धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए।

करीमुद्दीनपुर के मां कष्टहरणी भवानी धाम में सुबह 4:45 बजे से दर्शन शुरू हुए। मुख्य पुजारी पंडित राजकुमार पांडेय ने बताया कि सुबह से ही भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी। मंदिर समिति और प्रशासन ने सुरक्षा व सुविधाओं का ध्यान रखा। गाजीपुर शहर के मिश्र बाजार क्षेत्र स्थित काली माता मंदिरों में भी पहले दिन पूजा-अर्चना हुई। माता का शृंगार कर आरती की गई। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। आमघाट और महाजन टोली स्थित देवी मंदिरों में भी पूजा-पाठ के साथ नवरात्र का शुभारंभ हुआ। घरों में पूजा स्थल सजाकर कलश स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां शैलपुत्री की आराधना की और कई परिवारों ने नौ दिनों के व्रत की शुरुआत की।