Today Breaking News

गाजीपुर में तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल, डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल परिचालन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर मंगलवार की रात बहोरा और धीना स्टेशन के बीच तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। इसके चलते जमानियां, दिलदारनगर और गहमर स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं, जबकि कुछ ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
राजेंद्र नगर से नई दिल्ली जा रही 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन रात 10:28 बजे अप लाइन पर अचानक फेल हो गया। ट्रेन के मुख्य लाइन पर खड़ी होने से रेल अधिकारियों में खलबली मच गई। पायलट ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर की और ट्रेन को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धीना स्टेशन तक पहुंचाया।

रात करीब 12:30 बजे तेजस राजधानी एक्सप्रेस के धीना स्टेशन पहुंचने के बाद अप लूप लाइन से विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी ट्रेनों को आगे रवाना किया गया। इसके बाद पीडीडीयू जंक्शन से दूसरा इंजन मंगाकर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।