Today Breaking News

गाजीपुर: सपा की आशा देवी बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रतिष्ठापरक उपचुनाव में आखिरकार समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर अपना कब्जा बरकरार रखा। मंगलवार को कलक्ट्रेट में हुए मतदान के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया।

इस चुनाव में सपा की आशा देवी ने अपने पार्टी के बागी उम्मीदवार धर्मदेव यादव को पराजित करके ऐतिहासिक जीत दर्ज की। धर्मदेव यादव को महज 9 वोटों से संतोष करना पड़ा। कड़ी सुरक्षा के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने आशा देवी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस जीत से जिले के सपाइयों में गजब का उत्साह है। हर तरफ लोगों में मिठाई का वितरण किया जा रहा है।

जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में सपा से आशा देवी एवं उनके विपक्ष में बागी उम्मीदवार धर्मदेव यादव मैदान में थे। धर्मदेव यादव को मनाने की सपा ने काफी कोशिश की लेकिन वह नहीं मानें। मंगलवार को कलक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डीएम न्यायालय में मतदान शुरू हुआ। जिले के 67 जिला पंचायत सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कड़ी सुरक्षा में सभी सदस्यों ने मतदान किया। इस दौरान कचहरी पर काफी गहमागहमी रही। शाम तीन बजे तक मतदान के बाद मतगणना का कार्य शुरू हुआ। शाम पौने चार बजे तक मतगणना समाप्त कर दी गई।

मतगणना समाप्त होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव का परिणाम घोषित किया। उन्होंने बताया कि उपचुनाव में सपा की आशा देवी को 58 वोट और धर्मदेव यादव को 9 वोट प्राप्त हुए हैं। यह खबर मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

सपाइयों को ऐसा लग रहा था कि आज ही होली दीपावली है। सभी आशा देवी के पति विजय यादव और जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव को बधाई दे रहे थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद आशा देवी ने कहा कि वह जिले का विकास करने के लिए विजयी हुई हैं। जिले का अधूरा कार्य पूरा होगा। साथ ही सदस्यों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के समर्थित प्रत्याशी धर्मदेव यादव ने कहा कि उन्होंने ईमानदारी से चुनाव लड़ा है। इस चुनाव में धनबल और बाहुबल का प्रयोग किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने बताया कि चुनाव सकुशल संपन्न हो गया। सपा की आशा देवी को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है।
'