Today Breaking News

अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने भारत को रसातल में पहुंचायाः मनोज सिन्हा

गाजीपुर। संचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का कहना है कि आजादी से पहले अंग्रेजों ने भारत को लूटा-खसोटा और उसके बाद कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने इस देश को बहुत पीछे कर दिया। रविवार को बंशी बाजार स्थित रॉयल पैलेस में पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में वह बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में कई देश विकसित हैं। 

इसका कारण यह कि वहां शोध तथा खोज पर जोर दिया गया। इतिहास गवाह है कि भारत के लोगों में शुरू से शोध और खोज की प्रवृत्ति रही है। यही वजह है कि ऋषि-मुनियों और विद्वानों ने दुनिया को बहुत कुछ दिया लेकिन अंग्रेज आए और उन्होंने भारतियों की इस प्रतिभा को नष्ट कर दिया। दुर्भाग्य यह कि उनके जाने के बाद कांग्रेस आई। उसकी तीन पीढ़ियों ने भारत की सत्ता संभाली लेकिन इस दिशा की वह भी पूरी तरह अनदेखी की। नतीजा कभी दुनिया का समृद्ध देश भारत और पीछे छूटता चला गया लेकिन सौभाग्य है कि साढ़े तीन साल पहले नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा की सरकार बनी और उसके साथ ही भारत को विकास के रास्ते पर ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया। 

दुनिया भी अब भारत को इसी नजर से देखने लगी है। कई देशों की इच्छा तो यह है कि इस दिशा में भारत उनकी भी अगुवाई करे। भारत की प्रतिभा, शक्ति का दुनिया में फिर से डंका बजने लगा है। खुद को ताकतवार मानने वाला पड़ोसी देश चीन भी डोकलाम के मामले में पीछे हट गया। यह भारत की सामरिक ताकत और कुटनीति का ही परिणाम रहा। श्री सिन्हा ने कहा कि पं.दीनदयालय उपाध्याय की सोच कांग्रेस का विकल्प तलाशने की नहीं बल्कि उन्होंने वैकल्पिक राजनीतिक सोच को प्राथमिकता दी। 

करीब आधा घंटा के अपने भाषण में श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा के संस्थापक महापुरुषों ने कभी यह नहीं होगा कि यह पार्टी देश और प्रदेशों में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी लेकिन उन्हीं के बलिदान, त्याग और सोच की देन है कि आज देश में भाजपा का कोई विकल्प नहीं रह गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर वह भी नए भारत के निर्माण में यथासंभव योगदान करने की नैतिक जिम्मेदारी समझें। 

खासकर स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाएं और वर्ष 2019 में महात्मा गांधी के 150वीं जयंती पर दुनिया के सामने स्वच्छ-स्वस्थ भारत पेश करें। समारोह के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष में पार्टी की ओर से चले कार्यक्रमों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। समारोह में विधायक त्रय अलका राय, सुनीता सिंह तथा डॉ.संगीता बलवंत सहित विजय शंकर राय, सच्चिदानंद राय चाचा, बिजेंद्र राय, रामहित राम, प्रभुनाथ चौहान, जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार पांडेय आदि ने भी विचार व्यक्त किए। 
पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल तथा प्रमाण पत्र दिया गया जबकि कार्यक्रमों के प्रभारियों को अंगवस्त्रम् देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सुनील सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय, जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय, जितेंद्र नाथ पांडेय, नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय, कोषाध्यक्ष अच्छे लाल गुप्त, रामतेज पांडेय, प्रकाशचंद्र यादव, नगर पालिका के निर्वतमान चेयरमैन विनोद अग्रवाल, डॉ.व्यासमुनि राय, कृष्णानंद राय, ओमकार मिश्र, कमलेश प्रकाश सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजेश भारद्वाज, कुंवर रमेश सिंह पप्पू, रुद्रा पांडेय, सरोज मिश्रा, ऊषा सिंह, नीलम सिंह, निर्मला पाठक, शुभा राय, साधना यादव, आभा राय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीरा श्रीवास्तव, शीला सोनकर, माया सिंह,मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा आदि मौजूद थे। संचालन जिला महामंत्री श्यामराज तिवारी ने किया।
'