Today Breaking News

जनहित में ऐतिहासिक काम कर रही भाजपाः डॉ.संगीता बलवंत

गाजीपुर। सदर विधायक डॉ.संगीता बलवंत का दावा है कि भाजपा सरकार विकास के साथ ही किसानों, गरीबों के हितों को लेकर ऐतिहासिक काम कर रही है। उद्देश्य यही कि इनका उत्थान कर प्रदेश-देश को समृद्धि की ओर पहुंचाया जाए। कांशीराम कॉलोनी, बड़ीबाग परिसर में रविवार को किसानों की ऋणमाफी योजना के लाभार्थी किसानों के लिए आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में वह बोल रही थीं।

उन्होंने कहा कि सरकार के केंद्र बिंदु में अन्नदाता किसान हैं। इनके लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के लघु एवं सीमांत किसानों के उन्नयन व सतत् विकास के लिए ही यह योजना शुरू की गई है। यह योजना लघु एवं सीमांत किसानों के सशक्तिकरण, उनकी कठिनाइयों को दूर करने और कृषि में नवस्फूर्ति लाने के लिए सरकार का यह निवेश है। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लक्ष्य का यह एक सार्थक कदम है। जनपद में कुल ऋणी कृषकों की संख्या 74 हजार 554 है। प्रथम चरण की समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कुल 11हजार 691 लाभार्थियों के खाते में योजना की धनराशि भेजी जा चुकी है। शेष किसानों को दूसरे चरण में लाभान्वित कराया जाएगा। 

उनका कहना था कि भाजपा अपने सभी चुनावी वादे पूरा करने में जुटी है। किसानों की कर्जमाफी भी पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल था। पूर्ववर्ती सरकारें कर्जमाफी के साथ किसानों पर कई कर लगा देती थीं। इस मौके पर रेल राज्य मंत्री के प्रतिनिधि सुनील सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने  जो अपने वादे किये थे वो पूरा कर रही है। अंत में एसडीएम विनय कुमार गुप्त ने आभार जताया। समारोह में जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र यादव, उपनिदेशक कृषि यूके सिंह, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।  समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
'