Today Breaking News

गाजीपुर: दूसरी शादी से पहले ही परित्यक्ता ने लगाई फांसी

गाजीपुर। दूसरी शादी से पहले ही परित्यक्ता सरिता पासी(22) पुत्री ललन ने फांसी लगा ली। घटना बुधवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे शहर कोतवाली के बड़ीबाग स्थित कांशीराम कॉलोनी की है। सरिता के फ्लैट की बिल्डिंग के सामने उसकी मां सितारा चाय की दुकान लगाती है। सितारा ने बताया कि अपनी दुकान पर फेरी वाले से सरिता के लिए ही साड़ी खरीदी। 

उसे दिखाने के लिए फ्लैट में गई लेकिन उसका दरवाजा अंदर से बंद था। तब वह लौट कर दुकान पर आई। कुछ देर बाद वह दोबारा फ्लैट में पहुंची लेकिन दरवाजा पहले की ही तरह बंद था। आवाज देने पर भी अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। तब उसे शक हुआ। पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। किसी तरह दरवाजा खोला गया। अंदर छत के पंखे से दुपट्टे का फंदा बना कर सरिता लटक रही थी। 
उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था। सितारा ने बताया कि सरिता की पहली शादी बलिया जिले के चितबड़ागांव थाने के नसीरुद्दीनपुर में हुई थी लेकिन किन्हीं कारणवश पति उसे छोड़ दिया था। सरिता की दूसरी शादी की बातचीत आगरा जिले में चल रही थी।  बल्कि लड़का पक्ष के लोग सरिता को देखने आने वाले थे लेकिन उसके पहले ही वह अपनी इहलीला खत्म कर ली। सरिता के इस कदम से घरवाले तथा कॉलोनी के लोग हैरान हैं। उनका कहना है कि सरिता हंसमुख तथा भोली-भाली थी। दूसरी शादी पर भी उसे कोई एतराज नहीं था। सिलाई-कढ़ाई कर वह घर चलाने में मां-पिता की मदद भी करती थी।
'