Today Breaking News

गाजीपुर: भाजपा के अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने घोषित की अपनी नई टीम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की बहुप्रतीक्षित सूची शुक्रवार की रात जारी हो गई। यह सूची अगले लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी का एहसास करा रही है। शायद यही वजह है कि अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने अपनी इस नई टीम में जातीय, क्षेत्रीय संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है। गाजीपुर के लिए खास यह कि डॉ.पांडेय ने अपने विद्यार्थी जीवन के साथी और गृह जिला गाजीपुर के नेता रामतेज पांडेय को भी मौका दिया है। उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

हालांकि गाजीपुर में और भी कई नेता थे जो प्रदेश पदाधिकारियों की दौड़ में शामिल थे लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने रामतेज पांडेय के नाम पर ही मुहर लगाई। मालूम हो कि सैदपुर क्षेत्र के बहुरा गौरी गांव के रहने वाले रामतेज पांडेय भाजपा के समर्पित, कर्मठ कार्यकर्ता माने जाते हैं। सैदपुर मंडल के अध्यक्ष रहे। फिर जिला महामंत्री और बाद में जिलाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाले। विद्यार्थी जीवन में वह डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के साथी रहे। यही वजह रही कि डॉ.पांडेय को जब भी मौका मिला अपने इस साथी पर पूरा भरोसा जताए। 

यहां तक कि डॉ.पांडेय जब सैदपुर के विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री थे तब रामतेज पांडेय उनके प्रतिनिधि थे। वैसे एक हिसाब से देखा जाए तो प्रदेश अध्यक्ष ने अपने गृह जिला गाजीपुर के रामतेज पांडेय सहित दो लोगों को मौका दिया है। उपाध्यक्षों में शिवनाथ यादव का भी नाम शामिल है। वह मूलतः गाजीपुर के सादात क्षेत्र के रहने वाले हैं। पदाधिकारियों की सूची के बाद अब देखना है कि नई कार्यसमिति में गाजीपुर के कितने लोगों को जगह मिलती है। रामतेज पांडेय को पार्टी संगठन में प्रदेश मंत्री बनाए जाने की खबर के बाद करीबी, समर्थक फूल-माला लेकर उनके घर बहुरा-गौरी पहुंचने लगे हैं। 

भाजयुमो के प्रदेश मंत्री योगेश सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने रामतेज पांडेय को उचित मौका दिया है। पार्टी को उनके अनुभवों, बौद्धिक तथा संगठनात्मक क्षमता का भरपूर लाभ मिलेगा। श्री सिंह ने कहा कि विपरीत स्थितियों में भी संयम और कार्यकर्ताओं का हौसला बनाए रखने के लिए रामतेज पांडेय में अद्भूत क्षमता है।

यह है नए पदाधिकारियों की सूची

उपाध्यक्षः संजीव बालियान(मुजफ्फरनगर), कांता कर्दम(मेरठ), जसवंत सैनी(सहारनपुर), जेपीएस राठौर(शाहजहांपुर), दयाशंकर सिंह(बलिया), नवाब सिंह नागर(गौतमबुद्ध नगर), शिवनाथ यादव(वाराणसी), पदम सेन चौधरी(बहराइच), पुरूषोत्तम खंडेलवाल(आगरा), अक्षयवरलाल गौड़(बहराइच), लक्ष्मण आचार्य(वाराणसी), राकेश त्रिवेदी(वाराणसी),बीएस वर्मा(बदायूं), सुधीर हलवासिया(लखनऊ), रंजना उपाध्याय(बांदा), संगठन सचिव-सुनील बंसल(लखनऊ)।
महामंत्रीःअशोक कटरिया(बिजनौर), विजय बहादुर पाठक(लखनऊ), पंकज सिंह(नोएडा), विद्यासागर सोनकर(जौनपुर), सलील विश्वनोई(कानपुर) तथा गोविंद शुक्ल(अमेठी)।

मंत्रीः देवेंद्र चौधरी(मेरठ), धर्मवीर प्रजापति(आगरा), संतोष सिंह(बस्ती), अनूप गुप्त(लखीमपुर), कौशलेंद्र पटेल(मीरजापुर), शंकर गिरि(वाराणसी), अमरपाल मौर्य(प्रतापगढ़), देवेश कोरी(कानपुर), रामतेज पांडेय(गाजीपुर), प्रकाश पाल(कानपुर), अंजुला माहौर(आगरा),कामेश्वर सिंह(गोरखपुर), संजय राय(वाराणसी), त्रयंबक त्रिपाठी(संत कबीर नगर), वाईपी सिंह(हापुड़), सुब्रत पाठक(कन्नौज) सहित मनीष कपूर(वाराणसी) को सह कोषाध्यक्ष का काम सौंपा गया है।
'