Today Breaking News

गाजीपुर: बढ़ी पारे की रफ्तार, तल्ख हुए भास्कर के तेवर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर ठंड के मौसम ने तो इस बार बहुत परेशान नहीं किया, लेकिन गर्मी से इस रहम की उम्मीद हरगिज न करें। इस बार आपको भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मार्च के अंतिम दिनों में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री के करीब रहने का अनुमान जताया जा रहा है। आने वाले दिनों में पारा और बढऩे की संभावना है।

लहुरकाशी में शनिवार से मौसम का मिजाज गर्मी पकड़ गया। हालांकि शाम की हवा ठंडी रही। सुबह से ही तापमान में इजाफा होता गया और दोपहर आते-आते धूप चुभती हुई सी महसूस होने लगी। दोपहर में सड़क पर निकले लोग धूप से परेशान दिखाई दिए। मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। गुरुवार को तेज धूप में दोपहर में खड़ा होना मुश्किल हो गया। सड़क पर चलने में पसीना आ रहा था। धूप से बचने को लोग सिर को ढक कर चल रहे थे। गर्मी से राहत के लिए दफ्तरों में पंखे और एसी चलाने पड़े। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में धूप के और तेज होने की संभावना व्यक्त की है। सोमवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है।

अप्रैल में तापमान 40 डिग्री पार जाने के आसार
इन्वायरमेंटल एक्शन ग्रुप (जीईएजी) का अध्ययन गाजीपुर समेत समूचे पूर्वांचल में गर्मी के आसार बता रहा है। उनकी रिपोर्ट का अध्ययन करें तो पता चलता है कि इस बार अप्रैल, मई व जून में 28 दिन ऐसे हो सकते हैं, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होगा। यह अनुमान 42 वर्ष के गर्मी के मौसम पर अध्ययन के बाद सामने आया है। गाजीपुर के पर्यावरण विद् और मौसम वैज्ञानिकों ने इस साल को भीषण गर्मी भरा बताया है।

पीजी कालेज के पर्यावरणविद प्रो. मदन मोहन दत्ता की माने तो अधिकतम तापमान के विभिन्न जलवायु माडलों के माध्यम से किए गए साइंटिफिक विश्लेषण में गर्मी का लगातार बढ़ने का रुझान है। गर्मी के तीन महीने में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक सेल्सियस वाले दिनों का औसत 15 है, जबकि बीते कुछ वर्षो में इन दिनों की संख्या औसत से लगातार अधिक रही है। 28 दिन पड़ेगी इतनी गर्मी इस वर्ष 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक वाले दिनों की संख्या 28 होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक प्रो, कैलाश के अनुसार आकड़ों पर अगर गौर करें तो बीते पांच वर्ष से गर्मी के दिन औसत दिनों से अधिक रहे हैं। 2014 में तो यह आकड़ा 28 दिन तक पहुंच गया था। इस वर्ष पूर्वानुमान सही निकला तो 2014 की तरह ही इस बार गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 2014 से पहले 2011 में 35 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक था।
'