Today Breaking News

गाजीपुर: बसपा को झटका, पूर्व मंडल कोऑर्डिनेटर रामेश्वार कुशवाहा भाजपा में शामिल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर भाजपा गुरुवार को बसपा को झटका दी। सैदपुर में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी सभा में श्री कुशवाहा ने भाजपा की सदस्‍यता ग्रहण की। इस मौके पर उनका माल्‍यार्पण कर भाजपा नेताओं ने स्‍वागत किया। श्री कुशवाहा पूर्व में जिला पंचायत सदस्‍य रहे हैं। साथ ही बसपा के वह जिम्‍मेदार नेताओं में शुमार रहे हैं। बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर भी वह रह चुके हैं। जमानियां विधानसभा क्षेत्र में अपने समाज में उनकी अच्‍छी पकड़ मानी जाती है। 

इस सिलसिले में गाजीपुर न्यूज़ टीम ने रामेश्‍वर कुशवाहा से चर्चा की। उनका कहना था कि केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्‍हा के व्‍यक्तित्‍व व कृतित्‍व के आकर्षण में वह भाजपा में शामिल हुए हैं। मनोज सिन्‍हा ने गाजीपुर के विकास के लिए बहुत कुछ किया है। लिहाजा उन्‍हें एक बार फिर मौका देने की नैतिक जिम्‍मेदारी गाजीपुर के लोगों की बनती है। रामेश्‍वर कुशवाहा जमानियां तहसील के बेमुआ गांव के रहने वाले हैं। 

उनकी पत्‍नी सुषमा कुशवाहा अपनी ग्राम पंचायत की लगातार दूसरी बार प्रधान हैं। रामेश्‍वर कुशवाहा वर्ष 2000 से ही बसपा में सक्रिय थे। बसपा में विधानसभा से लगायत जिला कमेटी में पदाधिकारी भी रहे हैं। यही नहीं बल्कि विधानसभा चुनावों में वह जमानियां सीट के बसपा उम्‍मीदवारों के चुनाव एजेंट भी रह चुके हैं। भाजपा के लोग उन्‍हें अपने पाले में लाकर बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।

'