Today Breaking News

नरेंद्र मोदी के कहने पर मैं भाजपा में आयाः नीरज शेखर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे व पूर्व सांसद नीरज शेखर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर भाजपा में शामिल हुए। राज की यह बात खुद नीरज शेखर ने बताई। सपा छोड़ कर भाजपा में आने के बाद शनिवार को वह पहली बार लखनऊ पहुंचे थे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उनका स्वागत हुआ। इस मौके पर नीरज शेखर बताए कि लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली में आयोजित भोज समारोह में उनकी प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई। प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि नीरज अब क्या कर रहे हो। फिर प्रस्ताव दिए कि वह उनके साथ काम करें। यह उनकी इच्छा है। फिर नीरज कहे-प्रधानमंत्री से उस मुलाकात के बाद मुझे भाजपा में लाने में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का बड़ी भूमिका रही। नीरज कहे कि भाजपा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस मौके पर उन्होंने नरेंद्र मोदी के विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अकारण विरोध करने वालों को स्वीकार करना चाहिए कि मोदी के हाथ में भारत पूरी तरह सुरक्षित है।

इस मौके पर नीरज शेखर ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभारी हैं। बीते लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के बावजूद मोदी को किसी राजनेता अथवा दल के समर्थन की जरूरत नहीं है। फिर भी लोगों को भाजपा से जोड़ने का उनका अभियान जारी जारी है। नीरज शेखर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के इस अभियान से वह बहुत प्रभावित हैं। पहली बार भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने नीरज शेखर का माल्यापर्ण कर स्वागत किया। स्वागत से गदगद नीरज शेखर भाजपा के राष्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का नाम लेना नहीं भूले। कहे कि उन लोगों ने भी उनको बहुत सम्मान दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जैसे भी जहाँ भी चाहेंगे वह सहर्ष वहीं काम करेंगे।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नीरज शेखर ने यह भी कहा कि उनके समर्थक भी अब पूरी सत्यनिष्ठा के साथ भाजपा से जुड़ चुके हैं। उस मौके पर बलिया संसदीय क्षेत्र से कई लोग दिखे। उनमें गाजीपुर के जहूराबाद, मुहम्मदाबाद क्षेत्र के लोग भी थे। उन लोगों की निगाहें नीरज शेखर के भतीजे सपा एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू को ढूंढ़ रही थीं, लेकिन वह आखिर तक नहीं दिखे, जबकि बताया जा रहा था कि पप्पू सिंह उस वक्त लखनऊ में ही थे। बल्कि कई अति उत्साही समर्थकों ने तो सोशल मीडिया पर यह खबर भी चला दी कि पप्पू सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। वैसे खबर यह भी है कि नीरज शेखर भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार 29 जुलाई को अपने गृह जिला बलिया पहुंचेंगे। उनके अलावा उसी दिन एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू का भी बलिया पहुंचने का कार्यक्रम बना है। इसी बीच भाजपा बलिया के मीडिया प्रभारी राकेश चौबे भोला के हवाले से सूचना मिली है कि नीरज शेखर सबसे पहले सुबह दस बजे रसड़ा पहुंचेंगे। फिर पियरिया, फेफना, सागरपाली होते हुए दोपहर 12 बजे भाजपा के बलिया जिला मुख्यालय में उनका आगमन होगा। जहां उनके स्वागत में समारोह आयोजित है।
'