Today Breaking News

गाजीपुर: जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई कर किया प्रदर्शन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर मरदह क्षेत्र के बोगना गांव में सड़क पर जल-जमाव के विरोध में ग्रामीणों ने प्रतीकात्मक रूप से धान की रोपाई कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी कर जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया गया। चेताया कि जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही टूटी सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों पर मनमानी का आरोप लगाया गया।

बरही-बोगना मुख्य मार्ग पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास 50 मीटर तक सड़क पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते कई माह से सड़क जलमग्न है। घरों का पानी सड़क पर ही बहता है। इस मार्ग पर घुटना तक पानी लग गया है। ऐसे में आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश होने पर और मुश्किल हो जाती है। जल-जमाव के चलते गड्ढों का दायरा बढ़ता जा रहा है। 

बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल होते रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। बच्चे जूता, चप्पल हाथ में लेकर गड्ढों को पार करते हैं। इसी बीच वाहन आने पर उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। चेताया कि जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। सहकारी समिति बोगना के अध्यक्ष मनीष सिंह, संतोष रावत, राजेश गोड़, शिवचंद्र रावत, रामविजय चौहान, सुदर्शन चौहान, विनोद राम, राजेश शर्मा, प्रदीप रावत आदि थे।
'