Today Breaking News

गाजीपुर: जलाभिषेक के लिए जल भरने उमड़े श्रद्धालु

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए जल भरने को रविवार की शाम गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। पूरा शहर बोल बम के नारे से गुंजायमान हो उठा। छोटे, बड़े, वृद्ध एवं महिलाएं गेरुआ वस्त्र धारण कर हाथ में कांवर लिए गंगाजल लेने के लिए घाटों पर पहुंचे। कांवरियों की सहूलियत के लिए लंका, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, मिश्र बाजार आदि तिराहों पर बैरिकेडिंग कर चार पहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी। भीड़ को देखते हुए जगह-जगह पुलिस की व्यवस्था थी।

दोपहर दो बजे से ही जल भरने के लिए कांवरियों का जत्था गंगा घाटों की ओर रवाना होना शुरू हो गया था। कई श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का भी रूप धारण कर रखा था। कंधों पर कांवर रखे सभी श्रद्धा में डूबे नंगे पांव ददरीघाट, कलेक्टरघाट, स्टीमरघाट, बड़ामहादेवा आदि घाटों की ओर अपनी धुन में बड़े चले जा रहे थे। सबसे अधिक भीड़ ददरीघाट पर थी। ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने मिश्र बाजार स्थित बाजार में सजी दुकानों से जलाभिषेक संबंधी सामग्री खरीद कर धारण किया। 

शाम होते-होते नगर के अधिकतर गंगा घाट केसरिया रंगों में रंग गए। कांवरिये गंगा जल लेकर महाहरधाम स्थित शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हो गए। ददरीघाट के आसपास एवं महाहरधाम जाने वाले मार्गों पर कई स्थानों पर कांवरियों की सेवा के लिए विभिन्न स्टालों की व्यवस्था की गई है जहां जलपान के अलावा दवाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। घाटों पर महिला कांवरियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस भी तैनात की गई थी। इसके अलावा खासी तादाद में पुलिस बल तैनात था। बाबा के जयकारे से गूंज रहा इलाका

मुहम्मदाबाद : नगर सहित पूरे इलाके में इस समय भगवान भोले नाथ को जलाभिषेक करने की धूम दिख रही है। इस समय देवधर बाबा वैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवरियों के जयकारा से पूरा माहौल शिवमय हो गया है। सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए अधिकतर शिवालयों पर अखंड मानस पाठ, कीर्तन आदि शुरू किया गया। वहीं क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के युवक गंगा तट पर पहुंचकर स्नान के पश्चात गंगा जल लेकर अपने अपने शिवालयों के लिए रवाना हुए। 

उक्त श्रद्धालु अपने गांव के शिवालयों पर शिवजी का जलाभिषेक करेंगे। नगर स्थित सोमेश्वर महादेवमंदिर परिसर में पूरे दिन जलाभिषेक के साथ ही अरघा भरने व रूद्राभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शाम को भजन कीर्तन से पूरा माहौल गूंज रहा था। सावन के चलते बाराचवर ब्लाक के अमवा सिंह सती स्थान पर दर्शन पूजन के लिए गैर जनपदों के अलावा बगल के बिहार प्रांत से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बाबाधाम के लिए कांवरियों का जत्था हुआ रवाना

दिलदारनगर : झारखंड के देवघर सोमवार को जलाभिषेक के लिए रविवार को स्थानीय स्टेशन से कांवरियों का जत्था डाउन लाइन की विभिन्न ट्रेनों से रवाना हुआ। भारी संख्या में महिला व पुरुष कांवरियों की भीड़ को देखते हुए लोकल व जीआरपी पुलिस प्लेटफार्म पर चक्रमण करती रही। इस दौरान कांवरियों के हर हर महादेव के नारा से पूरा स्टेशन गुंजायमान रहा। 

थानाध्यक्ष जयश्याम शुक्ला व जीआरपी प्रभारी दिलीप सिंह जवानों को लेकर विभिन्न ट्रेनों से जाने वाले कांवरियों से वार्ता की। डाउन लाइन की वाराणसी सियालदह, ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का अन्य ट्रेन से कांवरियों के रवाना होने के बाद पुलिस वापस स्टेशन से लौटी। इस मौके पर उपनिरीक्षक सतेंद्र भाई पटेल, दिव्य प्रकाश, दीवान अनिल पटेल आदि थे।
'