Today Breaking News

गाजीपुर: भाजपा के सदस्यता अभियान के लिए कैंप लगाएगा भाजयुमो

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजपा के सदस्यता अभियान को गति देने में जुटेगा। अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय छावनी लाइन में मंगलवार को हुई बैठक में मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी ने बताया कि मोर्चा के पदाधिकारी 15 जूलाई तक अपने बूथों पर सदस्यता कराएंगे। उसके बाद 20 जूलाई तक कॉलेजों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कैंप लगाकर पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।

बैठक में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की रीति-नीति व सिद्धांत, विचारों को बताएं तथा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाएं।  उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने कुल सदस्यों में 20 प्रतिशत में बढ़ोतरी का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन गाजीपुर में एक लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। 

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा का इतिहास रहा है तथा यही एक ऐसा राजनीतिक दल है जहां आम कार्यकर्ता को बड़ी से बड़ी जिम्मेदारी तथा दायित्व का सम्मान बिना भेद प्राप्त होता है। मोर्चा के काशी प्रांत अध्यक्ष राजेश राजभर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह भाजपा के सदस्यता अभियान में सक्रियता के साथ अपनी भागीदारी का निर्वहन करते हुए प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त लक्ष्य से ज्यादा सदस्यता कराकर कीर्तिमान स्थापित करें।

बैठक में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, मोर्चा के जिला महामंत्री विश्वप्रकाश अकेला, मानवेंद्र सिंह, अविनाश सिंह, चंदन बिंद, रंजन तिवारी, रंजीत कुमार, मनोज कुशवाहा, अमित जायसवाल, आशुतोष राय,विवेकानंद राय, सुनील चौहान, पवन पांडेय आदि उपस्थित थे।
'