Today Breaking News

गाजीपुर: महाशक्ति की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर शक्ति की अधिष्ठात्री मां दुर्गा की पूजा-आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। मंदिरों की रंगाई-पोताई के साथ सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। सिद्धिदात्री के दर्शन का विधान नियमित नौ दिनों तक चलता रहेगा। पहले दिन माता शैलपुत्री का आगमन होगा।

जिले में गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर नवरात्र में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ होती है। यहां पर बिहार के भी श्रद्धालु आते हैं। हमेशा पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। यहां पर मेला भी लगता है।

मुहम्मदाबाद : करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी भवानी मंदिर में नवरत्र पर भीड़ लगती है। महिलाएं रात में रुक कर अखंड दीप जलाती हैं। भजन-कीर्तन का दौर चलता रहता है। नवरात्र को लेकर मंदिर की रंगाई व सफाई का कार्य पूरा कर लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। रेवतीपुर : स्थानीय गांव में मां भगवती मंदिर आस्था का केंद्र है। यहां पर श्रद्धालु अखंड दीप जलाती हैं। मंदिर की रंगाई-पोताई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

कलश स्थापना का शुभ मुहुर्त
सदर ब्लाक के कटैला निवासी पंडित अनुज महाराज बताते हैं कि अश्विन शुक्ल प्रतिपदा 29 सितंबर को कलश स्थापना और ध्वजारोहण के लिए शुभ समय शुभ समय सुबह 6.04 से 9.45 बजे तक है। इस समय में जो श्रद्धालु कलश स्थापना नहीं कर पाएंगे वे 11.23 से 12.11 बजे के बीच यह कार्य कर सकते हैं। इस बार माता का आगमन हाथी पर हो रहा है और प्रस्थान भैंसा पर होगा।
'