Today Breaking News

गाजीपुर: फसल बर्बाद होने पर प्रधानपति को किसानों ने बनाया बंधक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर दुल्लहपुर फसल बर्बाद होने से आक्रोशित करीब दो सौ किसानों ने गुरुवार को पशु आश्रय केंद्र जलालाबाद पर ग्राम प्रधानपति संतोष गुप्ता को बंधक बना लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व एसडीएम जखनियां अभय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और।एक माह के अंदर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रधान पति को मुक्त किया।

किसानों का कहना था कि प्रदेश सरकार में उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। क्षेत्र में झुंड में घूम रहे बेसहारा पशु फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। क्षेत्र में केवल एक पशु आश्रय केंद्र है। उसमें पर्याप्त पशु हो गए हैं। आश्रय केंद्र बेसहारा पशुओं से भर जाने का बोर्ड लगा दिया गया है। अब हम लोग क्या करें। खेतों की निगरानी करने के बावजूद फसल बर्बाद कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। 

अपने को बंधक बना देख ग्राम प्रधानपति संतोष गुप्ता ने इसकी सूचना सीडीओ हरिकेश चौरसिया को दी। सीडीओ के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व एसडीएम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के सामने किसानों ने बेसहारा पशुओं से हो रही समस्याओं को उनके सामने रखा। अधिकारियों ने बताया कि जिला स्तर पर दो पशु आश्रय केंद्र बन रहे हैं। इसमें एक माह लग सकता है। उसके बाद इस तरह की समस्या नहीं आएगी। इसके बाद किसानों ने प्रधान पति को मुक्त किया। बुच्चन सिंह, केदार सिंह, जहीद, सरफुद्दीन, जुगाड़ी राम, फुल्लु राम आदि थे।
'