Today Breaking News

गाजीपुर: एआरटीओ का चाबुक, रातभर भागते रहे ओवरलोड ट्रक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर एआरटीओ राम सिंह ने बीती रात सुहवल थाना क्षेत्र में सघन चेकिग अभियान चलाया। एआरटीओ के चाबुक से ओवरलोड वाहन लेकर आ रहे चालकों में खलबली मच गई। सभी इधर-उधर भागते रहे। यह सिलसिला पूरी रात चला। इस दौरान तीन ओवरलोड ट्रकों को सीज करने के साथ ही दो का चालान किया गया। एआरटीओ ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ओवरलोड वाहनों का आवागमन कतई नहीं हो सकता है।

एनएचएआइ के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को पहले ही आगाह कर दिया है कि हमीद सेतु पर अगर भारी वाहनों का आवागमन होगा यह ज्यादा दिन तक नहीं चल पाएगा। स्थिति पहले से और भी खराब हो जाएगी। बावजूद इसके ओवरलोड वाहनों देर रात चकमा देकर हमीद सेतु को पार कर जा रहे थे। 

इसकी शिकायत मिलते ही एआरटीओ राम सिंह अपने दलबल के साथ सुहवल थाना क्षेत्र के मेदनीपुर तिराहे पर पहुंच गए। एआरटीओ के आते ही ट्रक चालकों में खलबली मच गई। बहुत से चालकों ने तो अपना रास्ता बदल दिया है। सघन चेकिग के बाद जो अंडरलोड वाहन थे, उन्हीं को जाने दिया जा रहा था। वहीं बहुत ट्रकों को किनारे खड़ा कर उसे खाली कराकर जाने दिया गया। इस दौरान सुहवल पुलिस भी मौके पर थी।

ओवरलोड की शिकायत पर सघन चेकिग अभियान चलाया गया। यह आगे भी चलता रहेगा। इस दौरान तीन ट्रकों को सीज करने के साथ ही दो का चालान किया गया। यह अभियान आगे भी चलता रहेगा।- राम सिंह, एआरटीओ।

'