Today Breaking News

गाजीपुर: धान खरीद में मनमानी, तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सेवराई क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों पर केंद्र संचालकों की मनमानी के विरोध में किसानों ने गुरुवार को तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी कर आक्रोश जताया। धान खरीद का भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम विक्रम सिंह व विपणन अधिकारी राजन शुक्ला के आश्वासन पर किसान शांत हो गए। बाद में अधिकारी द्वय को पत्रक सौंपा गया।
किसान नेता भानु प्रताप सिंह का कहना था कि अधिकारियों की लापरवाही से किसानों का धान अभी तक नहीं खरीदा गया। इसके चलते परेशानी हो रही है। कुछ किसानों का धान खरीदा गया है लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। किसान प्रतिदिन केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं। अगर जल्द ही धान की खरीदारी शुरू नहीं हुई तो आमरण अनशन किया जाएगा। कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खाद्य विपणन अधिकारी राजन शुक्ला ने बताया कि किसान दिलदारनगर कृषि मंडी में धान बेच सकते हैं। उनकी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन में विनोद कुमार सिंह, अजय सिंह, प्रदीप सिंह, चंद्रमौलि पांडेय, नरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, दिनेश सिंह, आदित्य, महेंद्र, वशिष्ट सिंह, श्रीराम यादव, जयप्रकाश आदि थे।
'