तीन साल में लोगों ने जाना कि BJP सिर्फ झूठे वादे करने और नफरत फैलाने वाली पार्टी: अखिलेश यादव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सपने और काम बडे़ हों, तभी प्रदेश का भला हो सकता है। भाजपा सरकार विकास के जो बड़े-बड़े दावे कर रही है, उसकी सत्यता भी प्रमाणित करनी चाहिए। झूठा प्रचार नहीं करना चाहिए लेकिन, जिनका आदर्श हिटलर के प्रचार मंत्री रहे गोयबल्स हों, उनसे ईमानदारी की उम्मीद कैसे की जा सकती है। गोयबल्स का मानना था कि एक झूठ सौ बार बोलने से सच हो जाता है। भाजपा को इससे कुछ लेना-देना नहीं कि लोकलाज से लोकराज चलता है। अखिलेश ने प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा अपने चुनाव घोषणा पत्र के संकल्पों के प्रति भी ईमानदार नहीं है। भाजपा सरकार अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी परेशान हैं। अपराधी बेखौफ हैं, बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। महिलाओं और बच्चियों का जीवन सुरक्षित नहीं है। बड़ी तादाद में फर्जी एनकाउंटर हुए हैं।
नोटबंदी व जीएसटी ने उद्योग-धंधों पर ताले लगवा दिए। नौजवानों को बेरोजगारों की कतार में खड़ा कर दिया। कर्ज से बदहाल किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। झूठे आंकड़ों से जनता को बहकाया नहीं जा सकता है। अपनी कथित उपलब्धियां बघारने से पहले मुख्यमंत्री को संविधान की उस शपथ का भी स्मरण करना चाहिए जिसमें सत्यनिष्ठा के साथ रागद्वेष की भावना से परे कर्तव्य निर्वहन की प्रतिबद्धता है।
जिन उपलब्धियों की चर्चा की, वे सपा की देन
अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार ने तीन वर्ष पूरे होने पर जिन उपलब्धियों की चर्चा की है, वे सपा सरकार की देन हैं। मुख्यमंत्री यह बताएं कि उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, गोमती रिवर फ्रंट, जेपी इंटरनेशनल सेंटर, जनेश्वर मिश्र पार्क से बेहतर राजधानी में ही क्या बनाया है?
मंत्रियों की चाहे जितनी बड़ी फौज उतार दें, जनता के बीच वे कौन-सी उपलब्धि गिनाने जाएंगे? जमीनी स्तर पर ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है जिसका वे उल्लेख कर सकें। सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि भाजपा के एक ही मुख्यमंत्री ने तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है।
काम की नीयत हो तभी विकास संभव
अखिलेश ने कहा कि सरकार की काम करने की नीयत हो तभी विकास संभव है। भाजपा सरकार के पास विकास का न तो कोई विजन है और न ही कोई योजना। यूपी, उत्तम प्रदेश बनने के बजाय पिछड़ा और बीमारू प्रदेश बनता जा रहा है। भाजपा से लोगों का मोहभंग हो चुका है। जनता जान गई है कि भाजपा सिर्फ वादे करने और नफरत फैलाने वाली पार्टी है।