Today Breaking News

खुशखबरी : पुलिस व कारागार विभाग में जल्द ही 11428 पदों पर भर्तियां

गाजीपुर न्यूज़ टीम, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सब इंस्पेक्टर, जेल वार्डर (बंदीरक्षक), फायरमैन व घुड़सवार पुलिस के कुल 11428 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि बोर्ड ने नागिरक पुलिस में सब इंस्पेक्टर एवं समकक्ष के 5623, घुड़सवार पुलिस के 102, कारागार विभाग में जेल वार्डर के 3638 और अग्निशमन विभाग में फायरमैन के 2065 पदों पर चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 


आपको बता दें कि प्रदेश पुलिस व पीएसी को 49568 सिपाही और मिल गए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने इन सिपाहियों की भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम सोमवार को जारी कर दिया। साथ ही घोषणा की कि प्रदेश पुलिस व कारागार विभाग में जल्द ही 11428 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। परीक्षा में गाजीपुर के रहने वाले अनुसूचित जाति के गुलशन कुमार ने पुरुष वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि महिला वर्ग में हरदोई की अंतिमा सिंह ने पहले स्थान पर रहीं। पुलिस में सिपाहियों के चयनित अभ्यर्थियों में 5966 महिला हैं। इसी के साथ प्रदेश पुलिस में मौजूदा योगी आदित्यनाथ सरकार में 137253 युवाओं की पुलिस में भर्ती की जा चुकी है।  

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा ने सोमवार को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की मौजूदगी में पुलिस एवं पीएसी में सिपाही के 49568 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी किया। परीक्षा परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 


कुल 23 लाख ने किया था आवेदन
उन्होंने बताया कि बोर्ड ने अक्तूबर 2018 में नागरिक पुलिस में सिपाही (कांस्टेबल) के 313560 व पीएसी में सिपाही के 18208 पदों को जोड़कर कुल 49568 पदों को विज्ञापन निकाला गया था। भर्ती के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा के बाद 1.25 लाख अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए अर्ह पाए गए थे। अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद 49568 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित करते हुए चयन परिणाम घोषित किया जा रहा है। यह चयन परिणाम घोषित होने के बाद अप्रैल 2017 से लेकर अब तक पुलिस विभाग में 137253 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। इसमें मृतक आश्रित कोटे के 1657 पद भी शामिल हैं। बोर्ड के पास मृतक आश्रित कोटे की अब कोई रिक्ति शेष नहीं है। 


चार श्रेणियों में दिया क्षैतिज आरक्षण
बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि नागरिक पुलिस में सिपाही के 31360 पदों में से अनारक्षित वर्ग के 15681, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 8467, अनुसूचित जाति (एससी) के 6585 व अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 627 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसमें स्वतंत्रता सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक, होमगार्डस व महिला को क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इस तरह पुलिस में कुल 5966 महिला सिपाहियों का चयन किया गया है। पीएसी में सिपाही के कुल 18802 पदों में से अनारक्षित वर्ग के 9104, ओबीसी के 4916, एससी के 3824 व एसटी के 364 चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।

अन्य राज्यों से भी 1809 चयनित
बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि सिपाही के कुल चयनित 49568 अभ्यर्थियों में से 47759 अभ्यर्थी यूपी के हैं, जबकि 1809 अन्य राज्यों के हैं। इसमें उत्तराखंड के 27, बिहार के 831, मध्य प्रदेश के 179, राजस्थान के 409, दिल्ली के 108, महाराष्ट्र के 24, झारखंड के 21, पंजाब के 36 व हरियाणा के 174 अभ्यर्थी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में यूपी के सभी 75 जिलों के अभ्यर्थी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 2180 मेरठ, 1808 आगरा, 1783 बुलंदशहर, 1569 बागपत, 1442 मथुरा, 1383 मुजफ्फरनगर, 1340 अलीगढ़, 1336 गाजीपुर, 1310 कानपुर नगर, 1294 बिजनौर, 1154 सहारनपुर और 1160 अभ्यर्थी गोरखपुर से चुने गए हैं। 


 
 '