उत्तर प्रदेश में 102 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, आंकड़ा 616 पहुंचा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को प्रदेश भर में 102 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। नए मरीजों में अकेले आगरा के ही 35 मरीज हैं। ऐसे में अब तक प्रदेश में कुल रोगियों की संख्या 616 पहुंच गई है, जिसमें सर्वाधिक आगरा में 139 मरीज हैं। इस बीच,कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की मौत हुई है। इनमें एक मुरादाबाद का मरीज और दो आगरा की महिलाएं हैँ।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के 43 जिलों में कोरोना संक्रमण के जो मरीज सामने आए हैं उनमें आगरा में 35, सहारनपुर और मेरठ मंडल में 45, बस्ती में पांच, लखनऊ में छह, आजमगढ़ में दो, फिरोजाबाद में चार, कासगंज में तीन, मथुरा और इटावा में एक-एक मरीज शामिल है।
43 जिलों में 643 संदिग्ध मरीज
प्रदेश भर में 643 संदिग्ध मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। अभी तक 43 जिलों में संक्रमण फैल चुका है। गाजियाबाद में दो और लखनऊ में एक मरीज के स्वस्थ होने के बाद अब तक विभिन्न जिलों में कुल 49 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
308 तबलीगी जमात के
प्रदेश में 561 में से 308 तब्लीगी जमात वाले हैं। इसमें आगरा में 139 में 73, लखनऊ में 36 में से 17, गाजियाबाद में 27 में से 15, लखीमपुर में चार में तीन, कानपुर में नौ में से आठ, वाराणसी में नौ में से चार, शामली में सभी 17, जौनपुर में चार में तीन, बागपत में सात में छह, मेरठ में 58 में 33, बुलंदशहर में 11 में छह, हापुड़ में सभी छह, गाजीपुर में सभी पांच, आजमगढ़ में छह में चार ,फिरोजाबाद में 19 में 15, सहारनपुर में 39 में 38, हरदोई में सभी दो, प्रतापगढ़ में सभी छह, शाहजहांपुर में एक, बांदा में दो, महाराजगंज में सभी छह, हाथरस में सभी चार, मिर्जापुर में दो ,रायबरेली में दो ,औरैया में सभी तीन, बाराबंकी में एक, बिजनौर में एक, सीतापुर में सभी 10, प्रयागराज में एक, मथुरा में चार में दो, रामपुर में छह में एक, मुजफ्फरनगर में पांच में चार और अमरोहा में सभी सात तब्लीगी जमात के हैं। नोएडा में 68 बरेली में छह पीलीभीत में दो मुरादाबाद में दो कौशांबी में दो बदायूं में दो इटावा में एक कासगंज में तीन मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
12542 की रिपोर्ट आई निगेटिव, 177 की आना बाकी
यूपी में अभी तक 13287 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं और इसमें से 12542 की रिपोर्ट निगेटिव आई है यानी इनमें कोरोनावायरस का संक्रमण नहीं पाया गया। दूसरी ओर 177 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
946 और किए गए चिन्हित
यूपी में सोमवार को 946 ऐसे लोग चिन्हित किए गए जो चीन या दूसरे देश की यात्रा कर वापस लौटे हैं। फिलहाल इन्हें रैपिड रिस्पांस टीम की निगरानी में रखा गया है। अब तक ऐसे 70108 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है।
