कोरोना संदिग्ध निजामुद्दीन मरकज से लौटे युवक व दो जूनियर रेजीडेंट डॉक्टरों ने दिया सैंपल
गाजीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर। निजामुद्दीन तब्लीगी मरकज से लौटने वाले जमाती अब खुद सामने आने लगे हैं, जिला प्रशासन की सख्ती को देखते हुए सोमवार को एक जमाती स्वयं अस्पताल पहुंचा। उसने निजामुद्दीन मरकज से लौटने की जानकारी देकर जांच कराने को कहा। वहीं दो जूनियर रेजीडेंट डॉक्टरों में मिलते जुलते लक्षण मिले। स्वज्ञस्थ्य विभाग ने युवक, दोनो जूनियर डॉक्टर समेत चार संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण के संदेह के आधार पर कोविड-19 के आइसीयू में भर्ती महिला की मौत हो गई है। अभी उसकी जांच रिपोर्ट नहीं आई है, सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उसे चेस्ट हास्पिटल से रेफर किया गया था। शहर में अबतक मरने वाले कोरोना संदिग्धों की संख्या चार हो गई। इससे पहले मरने वाले तीन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, फिलहाल महिला की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना प्रॉटोकॉल का पालन करते हुए स्वजनों को 12 घंटे बाद शव सौंपा है।
शहर में भी सोमवार से कोरोना वायरस की जांच शुरू हो गई। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की न्यू लैब ब्लॉक स्थित कोविड-19 लैब में सुबह 11 बजे मंडलायुक्त सुधीर एम बोबडे और जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी शुभारंभ किया। पहले दिन 45 संदिग्धों के नमूने से जांच की शुरुआत की गई है।
कोरोना के हॉट स्पॉट घोषित क्षेत्रों में स्क्रीनिंग तेज कर दी गई है। रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में तब्लीगी जमात के सदस्यों के संपर्क में आए 35 संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए गए। इनमें मछरिया स्थित मदरसे के छात्र भी हैं। उधर, हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल में पांच संदिग्ध मरीज भर्ती हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। सभी 40 संदिग्धों के नमूने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। चमनगंज, कुली बाजार, बाबूपुरवा और मछरिया में जमातियों के संपर्क में आने पर बड़ी संख्या में लोगों को कोरोना संदिग्ध मान क्वारंटाइन कराया गया है। मेडिकल टीम रविवार को इन इलाकों से 35 लोगों को जांच के लिए आई, सभी के नमूने लिए। वहीं, हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल की फ्लू ओपीडी में 38 मरीज देखे गए।
घाटमपुर का 34 वर्षीय युवक 24 मार्च को पुणो से यहां आया है, वह पांच-छह दिन से खांसी व बुखार से पीड़ित है। उसे भर्ती कर लिया गया है। पनकी के 57 वर्षीय अधेड़ 14 मार्च को दिल्ली से लौटे हैं, सांस की तकलीफ पर आइसीयू में रखे गए हैं। कर्नलगंज के 68 वर्षीय बुजुर्ग को बुखार एवं सांस लेने में दिक्कत पर भर्ती किया गया है। शास्त्री नगर निवासी बुजुर्ग महिला भी कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराई गई हैं। इसके अलावा एक और अधेड़ भर्ती हुए हैं।
भैरोघाट में नहीं किया अंतिम संस्कार
कोरोना संदिग्ध घाटमपुर हिरनी गांव के युवक का अंतिम संस्कार भैरोघाट विद्युत शवदाह गृह में रात में नहीं किया गया तो शव वाहन हैलट में खड़ा कर दिया गया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद भैरोघाट विद्युत शवदाह गृह में सुबह 11 बजे अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने अब आदेश किए हैं कि भविष्य में भैरोघाट पर कोरोना प्रोटोकॉल के तहत ही संस्कार किया जाएगा।
